किशोरियों को स्वावलम्बी बनाने की एक पहल

लखनऊ : सम्वाददाता::
आज होटल बेबियन इन, फैजाबाद रोड, इंदिरा नगर लखनऊ में एक संगोष्ठी का आयोजन हुआ जिसमें 18 से 25 वर्ष की किशोरियों/युवतियों को स्वावलम्बी बनाने हेतु उनको और उनके माता-पिता को नौकरी प्रदाताओं से मिलाया गया। इस संगोष्ठी का उद्देश्य 18 से 25 वर्ष की किशोरियों/युवतियों को सीधे नौकरी से जोड़ने तथा उनको आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना था। इस कार्यक्रम को विज्ञान फाउण्डेशन व एम्पावर-द इमर्जिंग मार्केट्स फाउण्डेशन के तत्वावधान में संचालित परिवर्तन कार्यक्रम के तहत आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की शुरूआत करते हुए परिवर्तन कार्यक्रम की परियोजना समन्वयक सुकृति मिश्रा ने बताया कि परिवर्तन परियोजना लखनऊ के जानकीपुरम व मड़ियांव बस्तियों में विगत डेढ़ साल से संचालित की जा रही है। इस कार्यक्रम के तहत किशोरियों/युवतियों को प्रोत्साहित कर नौकरियों पर लगाने की कोशिश की जा रही है जिसके लिए यह संगोष्ठी आयोजित की गई है।
उक्त कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए विज्ञान फाउण्डेशन के फाउण्डर मेम्बर श्री रामायण यादव जी ने सभी को नौकरी करने तथा स्वावलम्बी होने के फायदे बताते हुए प्रोत्साहित किया व संस्था द्वारा संचालित विभिन्न परियोजनाओं व उनके कार्यों से सभी को अभिमुख कराया।
इस कार्यक्रम में व्यापार मण्डल के अध्यक्ष श्री संजय गुप्ता जी ने व्यापार करने के फायदे तथा व्यापार करने के लिये नई-नई सरकारी योजनाओं के बारे में सभी को बताया। उन्होंने उनके क्षेत्र में नौकरी करने हेतु क्या-क्या आवश्यक अर्हता चाहिये, उससे भी लड़कियों को अभिमुख कराया व नौकरी करने के सुवसर भी प्रदान किये।
उक्त कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए डा० रेड्डीज़ फाउण्डेशन के इनीशिएटिव ‘ग्रो’ से आये श्री दीपू जी ने बताया कि आज के समय में जहां नौकरी ढूँढने के लिए लोगों को, खासतौर पर लड़कियों को दर-ब-दर भटकना पड़ता है वहीं विज्ञान फाउण्डेशन बेरोज़गार लड़कियों को चयनित कर उन्हें नौकरी दिला रहा है जो कि देश के विकास की ओर एक सराहनीय कदम है।
इस कार्यक्रम में लगभग 70 लोगों ने प्रतिभाग किया।




