ठंड से राहत: जिला कारागार गोंडा में 65 जरूरतमंद बंदियों को तौलिया व टोपा वितरित

गोंडा: सम्वाददाता::
कड़ाके की ठंड को देखते हुए मानवता और सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करते हुए मुस्लिम इंटेलेक्चुअल फोरम, गोंडा (MIF) की ओर से जिला कारागार गोंडा में निरुद्ध अत्यंत गरीब और असहाय बंदियों को ठंड से बचाव हेतु राहत सामग्री वितरित की गई। इस सेवा कार्य के अंतर्गत ऐसे 65 बंदियों को, जिनसे उनके परिजन मिलने नहीं आते और जिनके पास ठंड से बचने के पर्याप्त साधन नहीं थे, एक-एक तौलिया और एक-एक टोपा प्रदान किया गया।
ठंड के इस मौसम में जब इन बंदियों को आवश्यक वस्तुएँ प्राप्त हुईं, तो उनके चेहरों पर खुशी और संतोष साफ झलक रहा था। कई बंदियों ने इस सहयोग के लिए संस्था और सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस पुण्य और मानवीय कार्य में भूपाल बहादुर सिंह (सेवानिवृत्त आयुक्त, वाणिज्य कर) एवं मुश्फिक अहमद (एबीसी ईंट भट्ठा मालिक) का विशेष योगदान रहा, जिनके सहयोग से यह राहत वितरण संभव हो सका।
कार्यक्रम के दौरान जेलर महोदय आफताब आलम अंसारी, डॉ. महमूद आलम (अध्यक्ष, मुस्लिम इंटेलेक्चुअल फोरम) तथा लतीफुर्रहमान (संरक्षक, मुस्लिम इंटेलेक्चुअल फोरम) की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर डॉ. महमूद आलम ने कहा कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों तक मदद पहुँचाना ही संस्था का मुख्य उद्देश्य है और आगे भी ऐसे मानवीय कार्य लगातार किए जाते रहेंगे।
जेल प्रशासन ने भी मुस्लिम इंटेलेक्चुअल फोरम द्वारा किए गए इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।




