विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने जनसुनवाई में सुनीं समस्याएं, त्वरित समाधान हेतु दिए निर्देश

वाराणसी : सम्वाददाता ::
वाराणसी कैन्ट के विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने प्रत्येक शुक्रवार की भांति आज भी शिवाजी नगर जनसंपर्क कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं तथा उनके शीघ्र और न्यायसंगत समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।


जनसुनवाई प्रातः 9 बजे से अपराह्न 2 बजे तक चली, जिसमें सैकड़ों नागरिकों ने भाग लिया और अपनी समस्याएं एवं मांगें प्रस्तुत कीं।

छित्तूपुर निवासी आर्यन सोनकर ने एक माह पूर्व हुई सड़क दुर्घटना का उल्लेख करते हुए अपने गंभीर रूप से घायल भाई राहुल सोनकर, भाई की पुत्री गौतमी एवं भाई की दिवंगत पत्नी नीलम सोनकर के लिए सरकार से आर्थिक सहायता दिलाने का अनुरोध किया। इस पर विधायक ने वाराणसी के जिलाधिकारी को यथाशीघ्र आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। रामनगर निवासी तारकेश्वर गुप्ता ने सड़क चौड़ीकरण के दौरान अपने मकान का उचित मुआवजा न मिलने की शिकायत की। इस पर विधायक ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को उचित मुआवजा सुनिश्चित कराने हेतु निर्देशित किया।

लक्सा क्षेत्र से आए बड़ी संख्या में नागरिकों ने अपनी गली की क्षतिग्रस्त सीवर लाइन के कारण जलभराव और ओवरफ्लो की समस्या रखी। इस पर विधायक ने जलकल विभाग के महाप्रबंधक को तत्काल मरम्मत कर जल निकासी की समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए। शिवपुरवा निवासी कमला देवी ने अपने पुत्र की मानसिक स्थिति बिगड़ने के कारण उसकी समुचित चिकित्सा व्यवस्था कराने का आग्रह किया।

विधायक ने इस संबंध में वाराणसी के मुख्य चिकित्साधिकारी को आवश्यक चिकित्सकीय प्रबंध करने हेतु निर्देशित किया।

जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान विधायक सौरभ श्रीवास्तव के साथ उनके सहयोगी कुशाग्र, अभिषेक एवं वैभव भी उपस्थित रहे।




