देवरिया अलावल में सालाना उर्स सम्पन्न

गोण्डा:अब्दुल रहमान::
थाना धानेपुर क्षेत्र के देवरिया अलावल गाँव स्थित सूफ़ी संत हज़रत अली मुल्ला शाह क़ादरी रहमतुल्लाह अलैह की दरगाह पर कार्तिक पूर्णिमा के प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी सालाना उर्स का आयोजन बड़े ही धूमधाम, श्रद्धा और अकीदत के माहौल में सम्पन्न हुआ।
पूरे क्षेत्र में सूफ़ी परंपरा, धार्मिक एकता और अमन-ओ-मोहब्बत की फिज़ा फैली रही। हज़ारों की संख्या में जायरीन (श्रद्धालु) दूर-दराज़ से पहुँचकर दरगाह पर हाज़िरी देने पहुँचे और चादर, फूल-मालाएँ अर्पित कर दुआएँ मांगीं।
दिन में कुल शरीफ़ की रस्म अदा की गई, दरगाह परिसर में “या अली मुल्ला शाह क़ादरी” और “अल्लाह हू अकबर” के नारों से गूंज उठा।
रात में महफ़िल-ए-कव्वाली का आयोजन हुआ, जिसमें प्रदेश के नामचीन कव्वालों ने अपने सूफ़ियाना कलामों से समां बाँध दिया। कलामों पर देर रात तक लोग झूमते रहे।
कार्तिक पूर्णिमा के दूसरे दिन विशाल भव्य मेला लगा, जिसमें आसपास के क्षेत्रों सहित अन्य जनपदों से भारी संख्या में लोगों ने शिरकत की।
मेले में वस्त्र, चादरें, इत्र, तस्बीह, झूले, खाने-पीने के स्टॉल और बच्चों के मनोरंजन की व्यवस्था ने माहौल को उत्सवमय बना दिया।
ग्राम प्रधान मुजीब ख़ान ने बताया कि यह ऐतिहासिक मेला कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित उर्स के दूसरे दिन हर वर्ष लगता है, जो लोगों की आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक बन चुका है।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर धानेपुर पुलिस प्रशासन ने पुख्ता इंतज़ाम किए। प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि “मेले की निगरानी के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है, जिससे पूरा आयोजन सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो सके। मौके पर मेला प्रभारी समलेश कुमार पटेल, उप निरीक्षक त्रिपुरारि मिश्रा, हेड कांस्टेबल धर्मेन्द्र कुमार यादव, कांस्टेबल निखिल राठौर सहित पूरी पुलिस टीम मौजूद रही।

मेले में मिशन शक्ति अभियान भी चलाया गया
प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार सिंह की अगुवाई में मिशन शक्ति अभियान 5.0 के तहत नारी सशक्तिकरण टीम व एंटी रोमियो टीम ने मेले में पहुँची महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भरता, सुरक्षा और सम्मान के प्रति जागरूक किया।
टीम ने महिला हेल्पलाइन 181, विमेन पावर लाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, चाइल्डलाइन 1098, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, एंबुलेंस 108, स्वास्थ्य सेवा 102 और साइबर हेल्पलाइन 1930 जैसे महत्वपूर्ण नंबरों की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ उपनिरीक्षक गजेन्द्र पाठक, हेड कांस्टेबल फहीमुद्दीन खाँ, हेड कांस्टेबल कुशहर यादव, कांस्टेबल सत्यम प्रजापति और महिला कांस्टेबल अंजलि देवी सहित टीम ने महिलाओं से संवाद स्थापित कर उन्हें शासन द्वारा संचालित मिशन शक्ति केंद्र के बारे में भी बताया।
यह पहल उपस्थित जनता के बीच चर्चा का विषय बनी रही। लोगों ने पुलिस प्रशासन के इस जागरूकता अभियान की भूरि-भूरि प्रशंसा की और इसे “धानेपुर पुलिस की सराहनीय पहल” बताया।
मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष खालिद फरीद ख़ान, आज़ाद ख़ान, नौशाद ख़ान, शकील ख़ान तथा अन्य सदस्यों ने पूरे कार्यक्रम की देखरेख की। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रकाश, सफाई, पेयजल और यातायात व्यवस्था सुचारु रखी गई।
अंत में सामूहिक दुआ में देश, प्रदेश और समाज में अमन, सलामती व एकता की दुआ मांगी गई।




