
लखनऊ: सम्वाददाता ::
उत्तर प्रदेश सरकार के अंतर्गत सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास विभाग में स्वीकृत 19 सहायक सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारियों में से 18 पद तथा 84 कल्याण कार्यकर्ता के स्वीकृत पदों में से 51 पद रिक्त हैं। जिन पर नियुक्ति सेना से सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारियों की जाती है, जिन्हें सेना के अभिलेख कार्यालय, नियम कानून, कल्याण एवं पुनर्वास की जानकारी होती है। जिसके अभाव में पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं आश्रितों के कल्याण एवं पुनर्वास संबंधित कार्य विगत कई वर्षों से प्रभावित हो रहे हैं।
उक्त गंभीर विषय का संज्ञान लेते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, पूर्व मंत्री अजय राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर पूर्व सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास विभाग में रिक्त सहायक सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी (सहायक अधिकारी) तथा कल्याण कार्यकर्ता के रिक्त पदों पर तत्काल भर्ती किए जाने की मांग की।
ज्ञातव्य हो उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी पूर्व सैनिक विभाग के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (संगठन) सुभाष मिश्र द्वारा आज पूर्व सैनिकों की समस्याओं से जुड़ा हुआ एक पत्र उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पूर्व मंत्री अजय राय को दिया। समस्या की गंभीरता को देखते हुए अजय राय ने तत्काल प्रभाव से प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर, इन समस्याओं के तत्काल निराकरण की मांग की।
अजय राय ने पत्र लिखकर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी से उत्तर प्रदेश सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास विभाग में रिक्त उपरोक्त पदों पर प्रचलित नियमावली दिनांक 07 जनवरी 1970 (नियमावली 1969) के अंतर्गत तत्काल प्रभाव से अधियाचन प्रकाशित कर भर्ती प्रक्रिया शुरू कराने की मांग की है।




